सोनभद्र। तीन दिन पूर्व राबर्ट्सगंज के दीपनगर मोहल्ले में एक विवाहिता की हुई मौत के मामले मेें शनिवार को पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत छह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई मृतका के पिता की तहरीर पर हुई। पुलिस ने सभी आरोपियों को धर दबोचा।
बताते चले कि वर्ष 2007 में ओबरा निवासी गणेश प्रसाद अग्रहरि ने अपनी बेटी पूनम की शादी राबर्ट्सगंज के दीपनगर निवासी ओमप्रकाश के बेटे मनोज अग्रहरि के साथ किया था। चार अक्तूबर को ससुराल में संदिग्ध हाल में पूनम की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। शनिवार को चेन्नई से लौटने के बाद मृतका के पिता गणेश ने पुलिस को दामाद समेत अन्य के खिलाफ तहरीर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि पति मनोज अग्रहरि, ससुर ओमप्रकाश, सास निर्मला, देवर मनीष, ननद करिश्मा और डिंपल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद सभी आरोपी भागने के फिराक में थे। लेकिन रोडवेज बस स्टैंड के समीप से कोतवाल राजीव मिश्रा और चौकी इंचार्ज मो. अरशद ने नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कहा कि मृतका के दो लड़के और एक लड़की को मायके वालों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। वादी का आरोप है कि ससुरालियों द्वारा पूनम पर मायके से तीन लाख रुपये मांग कर लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। रुपये न मिलने पर उसकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सीओ ने कहा कि आरोपियों का चालान करने की कार्रवाई की जा रही है।