सोनभद्र। शादी से इंकार करने पर बुधवार को एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। घटना राबर्ट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी चोरी से दूसरी लड़की से शादी करने की फिराक में है।
जानकारी के अनुसार, 2005 में राबर्ट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रहने वाली एक युवती की शादी चंदौली जिले के रहने वाले एक युवक के साथ हुई है। हालांकि शादी के कुछ साल बाद ही विवाद होने के कारण पति ने पत्नी को छोड़ दिया है। वर्तमान में वह वाराणसी में किसी एक कंपनी मेें काम कर जीवकोपार्जन करती है। युवती का कहना है कि चार वर्ष पूर्व राबर्ट्र्सगंज के रहने वाले एक परिचित से उसकी मुलाकात हुई और उसने शादी करने का प्रस्ताव रखा। उसकी बातों में आकर वह तैयार हो गई। इसके बाद युवक उसे वाराणसी में एक कमरा लेकर बतौर पत्नी रखकर शारीरिक संबंध बनाने लगा। कई बार उसने शादी करने के लिए कहीं तो युवक का कहना था कि घरवालों को राजी करके कर लूंगा। लेकिन अब उसकी शादी दूसरी लड़की से लग गई है। इसका पता चलने पर मैंने विरोध किया तो तीन दिन पूर्व वाराणसी में उसका प्रेमी उसकी पिटाई कर उसका जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी युवक और पीड़िता के बीच सुलह समझौते की बात चल रही है। सुलह न होने पर पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।