सोनभद्र। राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप स्थित यूकेलिप्टस के प्लांटेशन में मंगलवार को लापता सोनी (30) का शव मिला। आशंका है कि किसी ने हत्या कर शव को झाड़ी में छिपा दिया। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे सीओ विवेकानंद तिवारी ने ग्रामीणों से पूछताछ की। पता चला कि कई दिनों से उसका पति भी घर से भागा हुआ है। घटना की जानकारी होने पर मायके वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
कोन थाना क्षेत्र के चकरिया गांव निवासी सीताराम ने बेटी सोनी की शादी मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के दरवान गांव निवासी गुड्डू के साथ की थी। इस समय गुडडू सपरिवार राबटर्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप रमेश के मकान में किराए पर रहता था और वाहन चलाकर खर्च चलाता है। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे एक व्यक्ति झाड़ियों की ओर गया तो शव देख उसकी चीख निकल गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने शव की शिनाख्त सोनी के रूप में की और पुलिस को सूचित किया। सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया सोनी का पति भी घर से भागा हुआ है। पुलिस ने महिला की बच्चों से पूछा तो उन्होंने बताया कि सप्ताह भर से उनकी मां लापता थी। सीओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। कोतवाल और चौकी प्रभारी ने बताया कि सोनी के पति के मिलने के बाद ही मौत का सच सामने आएगा। कहा कि मृतका के मायके वालों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।