बेलाताल (महोबा)। बेला सागर तालाब की खाली जमीन पर एक सैकड़ा से ज्यादा किसानों ने फसल की बुवाई कर दी। सरकारी जमीन पर फसल बोने की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग ने 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ 115 सी की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर दिए है। जिससे किसानों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि बड़े भू भाग फैले बेला सागर तालाब में तमाम किसानों द्वारा दो सौ एकड़ भूमि में एक सैकड़ा से ज्यादा किसानों ने अवैध तरीके से कब्जा करके रबी की फसल की बुवाई कर दी। इतना ही नहीं किसानों द्वारा बेला सागर तालाब के पानी से फसल मे सिंचाई की गई। जबकि बेला सागर सरोवर से कस्बे के अलावा कई गांव में भी पानी की आपूर्ति की जाती है। बेला सागर तालाब में 20 फीसदी से भी कम पानी बचा है। ग्रामीणों द्वारा अवैध तरीके से तालाब की जमीन पर कब्जा करके कुुछ किसानों द्वारा फसल की बुवाई किए जाने की शिकायत पर तहसीलदार कुलपहाड़ ने 115 सी की कार्रवाई करते हुए 50 किसानों को बेदखली का नोटिस थमा दिया है।
शिवलाल, राम प्रसाद, मनोहर, रामचरन, कृपाल, कल्लू, किशन लाल, रज्जू, ओमप्रकाश, रामहेत, सोनी लाल सहित एक सैकड़ा किसानों द्वारा तालाब की जमीन पर फसल की बुवाई कर दी थी। फसल तैयार होने के बाद कटने से पहले अब राजस्व विभाग के अधिकारियों ने राम प्रसाद, शिवलाल, मनोहर आदि को नोटिस जारी कर दिए हैं।