सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बहुआरी गांव में सोमवार को किसी बात को लेकर मां-बेटे में विवाद हो गया। नाराज बेटे ने घर में आग लगा दी। अगलगी से लाखों का नुकसान हो गया। पीड़िता कलावती की तहरीर पर पुलिस ने उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की अलसुबह बहुआरी गांव निवासिनी कलावती एवं उसके बेटे संतलाल में कहासुनी शुरू हो गई। इससे नाराज होकर बेटे ने केरोसिन डालकर अपने मकान में आग लगा दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग को बुझाया। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली जाकर बेटे के खिलाफ तहरीर दी। पीड़िता का कहना है कि आग से करीब 50 हजार नगद और करीब पांच लाख की संपति नुकसान हो गया है। उसका आरोप है कि उसके बेटा अपने साले को बुलाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस का कहना है कि आग लगाने के आरोप में पीड़िता के बेटे को हिरासत मेें लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मां-बेेटे में सुलह की बात चल रही है। सुलह-समझौता न होने पर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।