रामगढ़। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम गांव में बृहस्पतिवार को इंटर की छात्रा नीतू जायसवाल (18) का शव उसी के कमरे में दुपट्टे के सहारे धरन से लटकता मिला। घटना के वक्त मृतका के मां-बाप घर नहीं थे। घटना की जानकारी होने पर सीओ ज्ञान प्रकाश राय घटनास्थल पर पहुंच कर घरवालों से पूछताछ की। इसके बाद सीओ ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात हरगोविंद जायसवाल अपनी पत्नी के साथ खेत पर सोने के लिए चले गए। क्योंकि वहां धान की कटाई आदि का कार्य चल रहा था। वहां से बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे हरगोविंद अपने घर गए तो अंदर का नजारा देख वह हक्का बक्का हो गए। उनकी बेटी नीतू अपने धरन से लटक रही थी। बेटी का शव देख वह चीखने-चिल्लाने लगे। शोर-शराबा सुन कर घर में सो रही मृतका छोटी बहने और आसपास के लोगों की नींद टूट गई और सभी लोग मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। उधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रामपुर बरकोनिया थाना प्रभारी ने बड़ेर से शव को नीचे उतरवा कर पीएम के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू की तो घरवाले मना करने लगे। एसओ की सूचना पर सदर सीओ भी मौके पर पहुंच गए। सीओ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि घरवाले नीतू का पीएम नहीं कराना चाह रहे थे। लेकिन पोस्टमार्टम करवा कर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि छात्रा की मौत कैसे हुई। कहा कि मृतका के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।