स्थानीय थाना क्षेत्र के इंजानी गांव में 15 दिन पूर्व कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर दिनदहाड़े युवक की हुई हत्या में पुलिस ने उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है। इस मामले के तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
बता दें कि इंजानी गांव निवासी बीरबल को 15 दिन पूर्व 26 अप्रैल को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया था। इस मामले के मुख्य आरोपी बाबूराम अंगरिया को मुखबिर की सुचना पर गुरुवार की देर शाम उसके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपा कर रखी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है। इसी मामले में सह अभियुक्त सुरेश, रमेश पुत्रगण सोन अंगरिया व सूबेलाल पुत्र सुखलाल को पुलिस 30 अप्रैल को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चचेरे भाई की हत्या का मुख्य आरोपी बाबूराम अंगरिया पुत्र हीराशाह अंगरिया निवासी इंजानी को गिरफ्तार कर लिया गया है । पूछताछ में बाबूराम ने हत्या के पीछे आशनाई का मामला बताया है।