वन विभाग ने बघाड़ू और बभनी वन रेंज की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले 126 लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विभाग के रेंजरों ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री के पोर्टल पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। डीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि उनके आने से पूर्व ही हुई शिकायत पर यह एफआईआर हुई है।
बघाड़ू रेंज के नगवां, अमवार, झारो सेक्शन व बभनी रेंज के भीसुर सहित चारों बीट में वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे लंबे समय से हैं। वन विभाग ने इसे खाली कराने का कई बार प्रयास किया लेकिन खाली नहीं करा सके। इसके बाद वन विभाग के रेंजरों ने मुख्यमंत्री पर वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। बभनी रेंज के भीसुर बीट के वन रक्षक सुरेंद्र कुमार के तहरीर पर रामनाथ, सोहन, रामसुंदर, बेचन, निवासी रंदह समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वन दरोगा दिलीप सिंह की तहरीर पर नगवां गांव के सुखनी, रामप्यारे, बालदेव, बाल मुकुंद, हरिदास, दशरथ समेत 21 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। बघाड़ू रेंज के अमवार में वन दरोगा दिलीप सिंह के तहरीर पर अनिरुद्ध, बुद्धू, राम औतार, सोना, अजय निवासी अमवार सहित 60 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज हुआ है। बघाड़ू रेंज के झारों सेक्शन में वन दरोगा श्यामनारायण के तहरीर पर राधेश्याम, जीत सिंह, श्यामलाल, शंभू, गनपत निवासी तुर्रीडीह समेत 36 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। बघाड़ू के रेंजर अनुज कुमार ने बताया कि अतिक्रमण का 20 साल पुराना प्रकरण था। उसे हटाने के लिए पूर्व में वन विभाग ने प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि नगवां के 3.6 हेक्टेयर, अमवार के 7.69 हेक्टेयर, तुर्रीडीह के 12.36 हेक्टेयर वन भूमि पर लोगों ने कब्जा जमा रखा है।