सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के हर्ष नगर मोहल्ले में एक युवक कुछ लोगों से विवाद करने लगा। भीड़ ने युवक की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नागेंद्र को अवैध असलहा, करतूस केे साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
पुलिस के मुताबिक रात करीब साढ़े आठ बजे राबर्ट्सगंज के हर्ष नगर निवासी विकास बढ़ौली चौक से अपने घर की तरफ जा रहा था। अभी वह घर के कुछ पहले पहुंचा ही था कि रास्ते में एक युवक ने उसे गाली देने लगा। देखते ही देखते मारपीट की नौबत उत्पन्न हो गई। गाली देने से मना करने पर युवक ने जान मारने की नीयत से विकास की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। विकास के शोर मचाने पर जैसे ही आसपास के लोग पहुंचे युवक भागने लगा। भीड़ ने उसको पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर पीआरवी के जवानों ने युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे कोतवाली ले आया गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी विवेकानंद तिवारी ने कहा कि विकास की तहरीर पर राबर्ट्सगंज निवासी नागेंद्र देव के खिलाफ जानलेवा हमला, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया।