सोनभद्र। आठ माह पूर्व अहरौरा जंगल में मिली महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा लिया। विवाहिता कुसुम के पति ने ही उसकी हत्या करवायी थी। गुरुवार की रात राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र केे हिंदुआरी गांव के समीप से पुलिस ने हत्यारोपी पति और उसकेे दो साथियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर दिया गया।
सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि 28 फरवरी को राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नौगांव खुर्द गांव निवासी राजेश की पत्नी कुसुम इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी गई थी। पांच मार्च को अहरौरा जंगल में कुसुम का शव मिला और छह मार्च को ससुरालियों ने उसकी शिनाख्त की। इस मामले में उसके पति ने अहरौरा थाने में मई में पत्नी के मामा चकरा निवासी अवेधश, विनोद, बिरूहुलिया निवासी रामसिंह व कम्हारी निवासी ब्रम्हा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया। वहीं, राबर्ट्सगंज कोतवाली में कोर्ट के आदेश पर अवधेश ने कुसुम के पति राजेश, ससुर, श्रीराम, सास दुर्गावती व तिलया निवासी रामदुलारे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस पंजीकृत कराया था। कहा कि विवेचना के दौरान पता चला कि कुसुम और उसके पति में बनती नहीं थी। राजेश ने ही अपने दो साथियों से पत्नी की हत्या करवा कर फेंकवा दिया। उन्होंने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी वीके सिंह और शहर कोतवाल राजीव मिश्रा ने सर्विलांस के जरिए आरोपी राजेश, उसकेे मित्र सुशील और दिवाकर को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना की बात स्वीकार कर ली है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद करते हुए शुक्रवार को तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।