सोनभद्र (घोरावल/शिवद्वार)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के गुरेठ गांव में बदमाशों ने असलहे के बल पर एक युवक से हजारों रुपये, मोबाइल और बाइक लूट कर फरार हो गए। बदमाशों ने लूट की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के गश्त की पोल खोल कर रख दिया है। घटना रविवार की रात की है।
जानकारी के अनुसार रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के नरोखर निवासी धीरज कुमार की घोरावल थाना क्षेत्र के बेलवानिया गांव निवासी रामलाल के यहां ससुराल है। रामलाल ने धीरज को शादी में टीवीएस स्पोर्ट बाइक दिया था। रविवार को घोरावल कोतवाली क्षेत्र के अहरौरा गांव में धीरज अपनी बहन के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गया था। रात में करीब दस बजे द्वारपूजा का कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात धीरज बाइक से अपने ससुराल बेलवानिया जाने के निकला। रास्ते में गुरेठ गांव में गुरुवल मार्ग पर दो बदमाशों ने असलहा के दम पर धीरज से दो हजार रुपये, मोबाइल और एक बाइक छिन लिया। सोमवार को पीड़ित ने कोतवाली जाकर घटना की सूचना दी। हालांकि पुलिस ने लूट की घटना की सूचना मिलने से इंकार किया है।