सोनभद्र। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिले के सभी निकायो में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सफाई कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित करने के साथ ही उन्हें सफाई किट वितरित किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र परिसर में स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर चेयरमैन वीरेंद्र जायसवाल, ईओ प्रदीप गिरि ने माल्यार्पण किया। गांधी व शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया गया। इसके बाद मीटिंग हाल में सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। उन्हें सफाई किट, मास्क, सैनिटाइजर एवं प्रमाण पत्र वितरित दिया गया। सफाई कार्य में उनके योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर जेई मनीष कुमार, डीपीएम नीरज कुमार के साथ सदस्यगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेणुकूट: चेयरमैन निशा सिंह व ईओ डा.अनिता शुक्ला ने संयुक्त रूप से गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया। इस दौरान नगर पंचायत की तरफ से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सहयोगियों को शॉल और टी-शर्ट के साथ ही प्रशस्ति पत्र देकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए सफाई नायक रंजन कुमार सिंह, श्यामधर दूबे, सफाई कर्मी किरन देवी, जयगोपाल, रवि, कमलेश कुमार, माली मोहर्रम अली व हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की प्रतिनिधि रेखा मिश्रा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सभासद उमेश गुप्ता, रमलू चौधरी, प्रदीप कुमार, अशोक सोनकर, राजबाबू वर्मा, मुन्नीलाल, विजयलक्ष्मी गुप्ता, मोहम्मद असलम के अतिरिक्त कर्मचारी रामचंद्र, लालचन्द्र, बालेश्वर आदि रहे।
चोपन: नगर पंचायत चेयरमैन फरीदा बेगम के नेतृत्व में सभागार में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। नगर को साफ सुथरा बनाने में विशेष योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को अंग वस्त्र व सफाईकार्य में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर अनीश अहमद, मनीष त्रिपाठी, सभासद रूपा देवी, ऊषा देवी, विनीत कुमार, अनिल जायसवाल आदि रहे।
घोरावल: नगर पंचायत में गांधी व शास्त्री जी की जयंती धूमधाम से मनी। चेयरमैन राजेश कुमार ने दोनों महापुरुषों के जीवन को प्रेरणादायी बताया। इस दौरान 10 सफाई कर्मचारियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं डिनर सेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद नगर में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम दास केडिया, सहबान अली, गोरेलाल, सभासद धीरज कुमार, अशोक कुमार आदि रहे। इसी तरह से अन्य नगर पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ओबरा में मुफ्त वाईफाई की सौगात
ओबरा। स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय पर शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। चेयरमैन प्रानमती देवी एवं ईओ अमित कुमार सिंह ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। इस दौरान नगर पंचायत के 12 सफाई मित्रों को अध्यक्ष व ईओ ने सम्मानित किया। इसके बाद हनुमान मंदिर, सुभाष तिराहा पर शासन की मंशा के अनुसार मुफ्त वाईफाई का लोकार्पण किया गया।