बेसिक शिक्षा विभाग में शुक्रवार से नए सत्र की शुरूआत हो गई। एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहें, इसके लिए शिक्षा विभाग जिले में सोमवार से अभियान चलाएगा। अध्यापकों और छात्रों की टोली बनाकर शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराया जाएगा। इसके लिए बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
शिक्षा निदेशक बेसिक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर शिक्षकों के माध्यम से अभियान चलाकर शत प्रतिशत बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने को कहा है। बीएसए हरिवंश कुमार ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को शिक्षकों को घर-घर भेजकर छूटे हुए बच्चों का नामांकन कराने का निर्देश दिया है। जागरुकता टीम में बच्चे, शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे। यह टीम अभिभावकों को सरकारी स्कूल में बेहतर शिक्षा के लाभ सहित अन्य सुविधाओं से उन्हें अवगत कराते हुए बच्चों को सरकारी स्कूल में नामांकन कराने की अपील करेंगे। गांव के प्रबुद्ध वर्ग का सहयोग भी लिया जायेगा। वहीं सोमवार को मुख्यमंत्री ऑनलाइन बच्चों से मुखातिब होकर उनकी हौसलाफजाई करेंगे। इसे लेकर भी शिक्षा विभाग स्कूलों पर एलईडी लगवाने की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। एक परिषदीय स्कूलों में सांसद, विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहेंगे।