मानसून की आहट से सिंचाई विभाग में हलचल तेज हो गई है। सरकार के मंशानुरूप तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। वाराणसी मंडल के मुख्य अभियंता ने सोनांचल का दौरा कर प्री-मानसून तैयारियों का जायजा लिया।
दो दिवसीय प्रवास पर जिले में आये सीआई डीके पांडुआल ने ओबरा व रिहंद पहुंच बांधों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसे ध्यान में रखते हुए जिले की सभी नहरों व बंधियों को हमेशा स्टार्ट मोड में रखा जाए। व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर मुख्य अभियंता ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता अजय कुमार वर्मा व रिहंद डैम के एक्सईएन एसके सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य अभियंता को मानसून के दृष्टिगत कराये जा रहे कार्यों की जानकारी दी।