सोनभद। सदर कोतवाली पुलिस ने निर्वाचन संबंधित कार्य में रुचि न लेने पर शिक्षामित्र समेत तीन कर्मचारियाें पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी करमा की तहरीर पर की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बीईओ करमा अरविंद यादव ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से समीक्षा के दौरान एक दिसंबर को पत्र जारी किया था। जिसमें कार्य में रुचि न लेने वाले बीएलओ, सुपरवाइजरों पर केस दर्ज कराने और निलंबित करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके क्रम में घोरावल विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय जमसोकर के शिक्षामित्र रविन्द्र पांडेय, प्राथमिक विद्यालय परही के बूथ पर पंचायत सहायक जितेन्द्र कुमार, प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर के बीएलओ संदीप यादव जो पंचायत सहायक भवानीपुर के पद पर कार्यरत हैं। इनकी ओर से निर्वाचन कार्य में रुचि नहीं ली जा रही है। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीनाें कर्मचारियों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।