पुरना गांव में शनिवार को दोपहर बाद ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक गैस सिलिंडर लेने जा रहे थे।
पुरना गांव निवासी बबलू उर्फ रामेश्वर (34) के घर में शनिवार को रसोई गैस खत्म हो गया था। दोपहर बाद करीब दो बजे वह बाइक से अपने साथी प्रिंस मौर्या के साथ गैस सिलिंडर लेकर पेढ़ गांव स्थित गोदाम पर जा रहा था।
घर से करीब एक किमी दूर पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से बबलू उर्फ रामेश्वर की मौत हो गई। वहीं प्रिंस मौर्या (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर आए मधका ग्राम पंचायत के प्रधान गोविंद सिंह ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को घोरावल सीएचसी पहुंचाया।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बबलू के तीन बच्चे हैं। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि घायल युवक का उपचार चल रहा है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।