सोनभद्र जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 19 फरवरी को आयोजित होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भव्य होगी। लखनऊ के साथ ही जिला मुख्यालय पर उरमौरा स्थित डायट परिसर में विशाल पंडाल में निवेशकों के साथ जनप्रतिनिधि व अधिकारी भूमिपूजन करेंगे। दस करोड़ से कम धनराशि की 29 परियोजनाओं के लिए यहां कार्यक्रम होगा। 19484 लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा।
ऊर्जा, अतिरिक्त ऊर्जा, पर्यटन, डेयरी, पशुपालन सहित अन्य क्षेत्रों में उद्यम स्थापना के लिए जिले में 51 प्रस्ताव आए हैं। इनके माध्यम से एक लाख 21 हजार करोड़ का निवेश होना है। सोनभद्र प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल है। लिहाजा शासन की यहां विशेष निगाह है। निवेश प्रस्तावों की सभी अड़चनों को दूर करने के बाद अब इसे धरातल पर उतारने की कवायद में अफसर जुटे हुए हैं।
सके लिए 19 फरवरी को होने वोल ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होनी है। दस करोड़ से अधिक निवेश राशि वाले परियोजनाओं के लिए लखनऊ में कार्यक्रम होगा। इस श्रेणी में कुल 22 परियोजनाएं है। शेष 29 परियोजनाओं को जिला स्तर पर ही भूमिपूजन संपन्न कराया जाएगा। डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि 1.21 लाख करोड़ का निवेश जिले के लिए बड़ा अवसर है।
इससे करीब 9484 रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। बताया कि डायट परिसर में सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम किया जाएगा। इस दौरान लखनऊ में आयोजित हो रहे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा।
उरमौरा स्थित डायट परिसर में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में पशुपालन के छह, पर्यटन के चार, चिकित्सा शिक्षा के एक, तकनीकी शिक्षा के तीन, उद्यान के पांच, खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग, आवास विकास, सहकारिता का एक-एक, मत्स्य विकास के तीन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के चार निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।