सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय एवं विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम राबर्ट्सगंज में पांच किलोमीटर क्रास कंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर एसडीएम आशीष त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया। बालक वर्ग में 45 और बालिका वर्ग में 23 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बाबूलाल ने प्रथम, अनुज ने द्वितीय और श्याम देव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आकाश यादव, राजू मौर्या और सूरज को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं बालिका वर्ग में सुमन पटेल प्रथम, खुशबु द्वितीय और कृतिका तृतीय रहीं। यशस्वी पाल, ज्योति और अंशिका को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने अतिथियों, खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सीडीओ जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्त आदि उपस्थित रहे।