जिले में विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिले के सीमावर्ती राज्यों के बॉर्डर पर 27 अस्थाई बैरियर लगाए जाएंगे। जिन स्थानों पर बैरियर लगाए जाने हैं, उन जगहों को चिह्नित कर लिया गया है। बैरियरों पर तैनात पुलिस कर्मी गैर प्रांतों से आने-जाने वालों पर नजर रखेंगे। साथ ही अवैध मादक पदार्थ और कैश लेकर आने-जाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
नक्सल प्रभावित सोनभद्र के चारों विधानसभा सीटों पर सात मार्च को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। जिले से सटे चारों राज्यों की सीमाओं पर सक्रियता बढ़ा दी गई है। डीआईजी/पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने थाना प्रभारियों को अराजक तत्वों को चिह्नित कर उन्हें पाबंद करवाने का निर्देश दिया है। वहीं नक्सल एएसपी को नक्सल इलाकों में सघन कांबिंग कराते हुए बार्डरों पर बैरियरों को स्थापित कराने का निर्देश दिया है। अब तक पुलिस ने अंतरराज्यीय बैरियर सिरसोती, महुली, आसनडीह, अहिरगुड़वा, सीसटोला, विंढमगंज, मुड़ीसेमर, मेदनीखाड़, पोखरिया, डोमा, नैकहा, बोदार, बागेसोती दो जगहों पर, सुअरसोत पुलिस चौकी के सामने, बर्दिया, दुल्लापाथर, दुद्धीचुआ, कोटा बस्ती इडी बिल्डिंग, भरहरी, नेवारी, बेलगडी, कनहरा बारी, नकटूआबंधी, तेनुआ और दरमा में अस्थायी बैरियर स्थापित करने के लिए चिह्नित किया गया है। बैरियरों की स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन बैरियरों पर 24 घंटे पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
नक्सल इलाकों में की जा रही कांबिंग
जिले में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की पुलिस के साथ ही पड़ोसी चार राज्यों के 14 थानों की फोर्स भी सक्रिय हो गई है। पिछले माह तत्कालीन एडीजी जोन वाराणसी बृजभूषण शर्मा ने एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिलों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर बार्डरों पर सघन कांबिंग कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही संचार व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया था। जिले से सटे झारखंड के गढ़वा जिले के थाना खरौधी, नगर उटारी, धुरकी, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सनावल, बसंतपुर, रघुनाथपुर, मध्य प्रदेश के सिंगरौली के बैढ़न, मोरबा, विंध्यनगर, गढ़वा, चितरंगी और बिहार के भभुआ के अधौरा थाने की फोर्स के साथ सीमावर्ती इलाकों की फोर्स कांबिंग कर रही है।
जिले के सीमावर्ती राज्यों के बॉर्डर पर 27 अस्थाई बैरियर लगाए जाएंगे। जिन स्थानों पर बैरियर लगाए जाने हैं उन जगहों को चिह्नित कर लिया गया है। बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मी गैर प्रांतों से आने-जाने वालों पर नजर रखेंगे। अवैध मादक पदार्थ और आचार संहिता का उल्लंघन कर कैश लेकर आने-जाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। - विजय शंकर मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, नक्सल सोनभद्र।