ओवरलोड वाहनों समेत अन्य खनिज संपदा ढोने वाले वाहनों की जांच के लिए अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डिवाइस लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को म्योरपुर में ब्लाक के पास यह उपकरण लगाए गए। इसे जिले के अन्य क्षेत्रों और टोल बूथों पर भी फिट किया जाएगा।
म्योरपुर ब्लाक के समीप खनन विभाग की ओर से आधुनिक तकनीक के माध्यम से वाहनों की जांच को लेकर डिवाइस लगाई जा रही है। कैमरायुक्त डिवाइस की नजर में हाईवे से गुजरने वाले खनिज लदे सभी वाहन होंगे। मार्ग सॉफ्ट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ के माध्यम से लगाए जा रहे डिवाइस में दो तरह के कैमरे हैं। एक नंबर प्लेट की निगरानी करेगा जबकि दूसरा ओवरलोड वाहनों की जांच करेगा। नियमों की अनदेखी पर ऑटोमेटिक चालान भी कट जाएगा। इसे इंटरनेट के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। कंपनी के लोगों ने बताया कि उनकी कंपनी को जिले में प्रमुख स्थानों पर यह सिस्टम विकसित करना है। फिलहाल इसे म्योरपुर में लगाया जा रहा है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर भी कई स्थानों पर डिवाइस लगाई जाएगी।