बीजपुर विकासखंड म्योरपुर के नेमना गांव में बन रही सीसी रोड में स्थानीय नदी नालों से अवैध खनन कर सोलिंग व बालू को खपाया जा रहा है। इसकी जांच कराने की मांग ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार मानक को ताक पर रख अवैध बालू, गिट्टी का इस्तेमाल कर सड़क को बना रहा है। गुणवत्ता की जांच कराई जाए तो ठेकेदार सहित कइयों की कलई खुल जाएगी। ग्रामीणों की सुविधा के लिए बन रहे जिला पंचायत से 300 मीटर के रोड में इस कदर गोलमाल किया जा रहा है कि रोड शायद साल भर भी नहीं चले। आरोप लगाया कि ठेकेदार ने घटिया गिट्टी को जल्दबाजी में बिछवा कर उसके ऊपर मिट्टी डाल कर ढक दिया। ग्रामीणों ने वन रेंज अधिकारी को शिकायत कर जांच की मांग की। काफी इंतजार के बाद भी वह नहीं पहुंचे। नेमना में तैनात बीट वन दरोगा वीरेंद्र चौबे ने बताया कि सड़क के निर्माण में थोड़ी मात्रा में स्थानीय बालू व गिट्टी का प्रयोग हुआ होगा लेकिन ज्यादातर बालू मानक के अनुसार लगा है। जरहा वन रेंज के क्षेत्राधिकारी राजकुमार मौर्या ने बताया कि व्यस्तता के कारण जांच करने मौके पर नहीं जा पाया। जल्द ही मौके पर जाकर अवैध बालू गिट्टी की जांच की जाएगी।