नगवां ब्लॉक क्षेत्र में कार्यो का निरीक्षण करते अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
सदर विकास खंड के लोढ़ी गांव में स्थित सर्किट हाउस में रविवार को पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। उसके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने पसहीं गांव में मनरेगा के तहत काम करने वाले श्रमिकों का मजदूरी भुगतान न होने पर बीडीओ राबर्ट्सगंज के ऊपर नाराजगी जताते हुए सस्पेंड करने की चेतावनी दी।
कड़े लहजे में कहा कि आपको क्यों न सस्पेंड करा दिया जाए, इसका सार्थक जवाब दीजिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ पहुंचने से पूर्व यदि वह सार्थक जवाब दे देते हैं, तो वह कार्रवाई से बच जाएंगे, वरना उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। इसके अलावा सुकृत गांव में सचिव के खिलाफ की गई कमीशन की मांग की शिकायत के बाद हुई कार्यवाही के बचाव में पहुंचे ग्रामीणों को एसीएस ने समझाया कि जब कार्रवाई हो गई है तो सचिव को नहीं बचाया जा सकता है। कहा कि ग्राम प्रधान पीड़ित न होता तो उसने शिकायत न की होती। इसके अलावा कुछ भाजपा नेताओं ने टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत की। अपना दल कार्यकर्ताओं ने भी विभिन्न मुद्दों पर अपनी समस्या रखी। इस पर अपर मुख्य सचिव ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। लोगों की समस्या सुनने के बाद मुख्य सचिव का काफिला नगवा ब्लाक की ओर निकल गया। इससे पूर्व पुलिस लाइन के जवानों द्वारा उन्हें सलामी भी दी गई।