सदर कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बा निवासी विवाहिता ने पति पर दहेज के लिए बंधक बनाने और देह व्यापार को मजबूर करने का आरोप लगाया है। महिला आयोग की दखल के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
महिला आयोग सहित उच्चाधिकारियों को भेज गए पत्र में सदर कोतवाली निवासी विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी मई 2023 में गोरखपुर के बनपुरवा निवासी बच्चू लाल के साथ हुई थी। ससुराल जाने के कुछ दिनों के बाद ही उसे कम दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पति बच्चू लाल, देवर शिवचंद, लालचंद, सुदर्शन व ननद मनीषा दहेज में 11 लाख रुपये की मांग करते हुए अक्सर मारपीट करने लगे। वह मायके आ गई तो दोबारा उसे भ्रमित कर अपने साथ दिल्ली ले गया। उसके साथ बड़ी बहन की बेटी भी गई थी। दिल्ली में दोनों को एक कमरे में बंद कर प्रताड़ित करने लगा। दहेज की वसूली दोनों से करने की धमकी देते हुए जबरन देह व्यापार करने का दबाव बनाने लगा। दोनों किसी तरह मौका पाकर लोगों की मदद से गाजियाबाद स्थित अपने चचेरे भाई के घर गई और वहां से मायके आई। अब पति उसे लगातार फोन पर धमकी व सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा है। राज्य महिला आयोग की दखल के बाद पुलिस ने पति बच्चू लाल, देवर शिवचंद, लालचंद, सुदर्शन, ननद मनीषा, अनूप पाठक सहित कुल सात लोगों पर केस दर्ज किया है।