सोनभद्र जिले में शहर के मेन चौक पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने यूजीसी नेट की परीक्षा रद्द होने पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और एनटीए का पुतला फूंका।
सोनभद्र जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को एनटीए का पुतला फूंका। नगर के मेन चौक पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने यूजीसी नेट की परीक्षा रद्द होने पर आक्रोश जताया। एनटीए में व्यापक बदलाव की मांग की।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले दिनों अनियमितता के चलते यूजीसी नेट की परीक्षा रद्द होने से देश भर के छात्रों में संदेह, भ्रम एवं निराशा फैल गई है। इस वर्ष पीएचडी के प्रवेश भी यूजीसी नेट के स्कोर के आधार पर होने हैं। इस कारण अभ्यर्थियों में अचानक असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
विज्ञापन
अभाविप के विभाग संयोजक शशांक मिश्रा ने कहा कि परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की घटनाएं विचलित करने वाली एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। यह न केवल एनटीए जैसी परीक्षा एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ करने वाली है। इस पूरे प्रकरण में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिष्ठित परीक्षाओं में धांधली से छात्रों का भरोसा एनटीए से उठ गया है।
जिला संयोजक मृगांक दुबे ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। प्रदर्शन में प्रांत कार्यसमिति सदस्त कुंवर चतुर्वेदी, विभाग सह संयोजक सौरभ सिंह, राहुल जालान, ललितेश मिश्रा, सत्यम शुक्ला, वैभव पांडेय, शशांक, राज सिंह, शुभम पांडेय, राजवीर सिंह,शिवेंद्र यादव आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।