दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के मधुबन गांव में निजी डॉक्टर के यहां प्रसव कराने गई गर्भवती आरती देवी (30) की सोमवार को मौत हो गई। डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद घर पहुंची महिला की मौत हो गई। उसके पेट में पल रहे बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मधुबन गांव की आरती देवी पत्नी शंकर को दो बच्चे हैं। सोमवार को तीसरे बच्चे की डिलीवरी होनी थी। आरती अपने पति के साथ सोमवार की सुबह करीब दस बजे गांव के करचा टोला में एक निजी डॉक्टर के पास प्रसव कराने गई थी। कहा जा रहा है कि चिकित्सक ने जैसे ही सुई लगाई, महिला की हालत बिगड़ने लगी। इससे घबराए चिकित्सक ने गर्भवती महिला को घर भेज दिया। महिला की घर पर हालत बिगड़ने लगी और कुछ समय बीतने के बाद जच्चा व बच्चा दोनों की मौत हो गई। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में गांव में ही सुलह की बात चल रही है। मृतका का मायका जोरूखाड़ गांव में है। उसके मायके वाले भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंच गए हैं। उधर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर नही मिली है। जैसे ही कोई तहरीर मिलती है, संबंधित धाराओं में चिकित्सक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।