दुद्धी। क्षेत्र पंचायत की शुक्रवार की सुबह 11 बजे से होने वाली बैठक का सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। क्षेत्र पंचायत की साल में महज एक बार बैठक कराए जाने से नाराज क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शुक्रवार को ब्लॉक पर प्रदर्शन किया।
खंड विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सदस्यों ने ब्लॉक से कराए जा रहे कार्यों की भी जांच की मांग उठाई। सदस्यों ने कहा कि शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक रख दी गई और इसके बारे में किसी को जानकारी तक नहीं दी गई। यदि कुछ सदस्य ब्लॉक पर किसी काम से न आते तो किसी को पता भी नहीं चलता। बैठक के एजेंडे तक के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया गया। वर्ष में सिर्फ एक बार ही क्षेत्र पंचायत की बैठक दुद्धी ब्लॉक में कराई जाती है।
आरोप लगाया कि शासन द्वारा आने वाला क्षेत्र पंचायत का पैसा ब्लॉक प्रमुख, बीडीओ मिलीभगत कर क्षेत्र विकास कार्य में न खर्च करके ब्लॉक मुख्यालय पर ही खर्च कर देते हैं। किसी भी क्षेत्र पंचायत सदस्य को बैठक कब होनी है इसकी सूचना नहीं दी जाती है। कहा कि उनका मानदेय भी बीडीओ के आदेश पर रोक लिया जाता है। इन्ही सब कारणों को लेकर आज होने वाले क्षेत्र पंचायत के बैठक को बहिष्कार भी किया जाता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे और वहां दशरथ कुमार के अगुवाई में जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम के स्टेनो को सौंपा। इस मौके पर श्याम किशोर, सुमन कुमार, राजकुमार, राजकुमार यादव, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, पंकज, छोटेलाल, इंद्रावती देवी, चंचला देवी, मंजू देवी, मानमती, सुनीता के साथ काफी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।