रेणुकूट। कूड़ा कबाड़ बीन कर जीविकोपार्जन करने वाले लोगों एवं ग्रामीणों का रास्ता रोके जाने के विरोध में रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने उप जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन पिपरी क्षेत्राधिकारी ज्ञान प्रकाश राय को सौंपा।
शुक्रवार सुबह सैकड़ों की संख्या में लामबंद हुए लोग नगर पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह की अगुवाई में क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंच कर सीओ ज्ञान प्रकाश राय को ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पत्र में लिखा कि औद्योगिक संस्थान के निर्माण काल से ही कारखाने के आस.पास रहकर दर्जनों लोग कबाड़ बीनने का काम करते हैं। समाज के अति निचले लोगों को अब संस्थान के सुरक्षाकर्मियों द्वारा गाली.गलौज व मारपीट कर कबाड़ करने से मना कर दिया जा रहा है। निहाई पाथर गांव में जाने वाले रास्ते पर गेट लगा दिया गया है जहां से कूड़ा कबाड़ बीनने वाले और ग्रामीणों को जाने से रोका जा रहा है। संस्थान के कृत्य से 100 लोगों का रोजगार छिन गया है वहीं इनसे जुड़े 500 लोगों के जीविकोपार्जन पर खतरा मंडराने लगा है। कबाड़ बीन कर रोजी रोटी चलाने वाले इन लोगों पर रोजगार का संकट आया तो नगर में अराजकता का माहौल बन सकता है। यह तबका पढ़ा लिखा नहीं है जिस कारण चोरीएछिनैती सहित असामाजिक कार्यों की ओर बढ़ सकता है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों से निवेदन करते हुए इस मामले को शीघ्र से शीघ्र सुलझाने का मांग किया। इस मौके पर नीता, राजमती, कलावती, मैनी देवी, राजकली, उष्मी देवी, इंदु देवी, रीना देवी, सुबजन देवी, मन्ना देवी, पन्ना देवी, राम निहोर, सजीवन, हरकेश, लालबाबू सहित सैकड़ों की संख्या में मलिन बस्ती के निवासी व ग्रामीण मौजूद रहे।