वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग के डायवर्जन मार्ग चोपन-ओबरा बग्घानाला एवं डाला मार्ग बुधवार को पूरी रात जाम से जूझता रहा। आलम यह रहा कि बृहस्पतिवार की सुबह तक जाम से लोगों को निजात नहीं मिल सकी। वाहन धीरे-धीरे रेंगते रहे। 12 घंटे तक लगे लंबे जाम से सर्वाधिक परेशानी ट्रेन यात्रियों एवं कर्मचारियों को हुई। किसी की ट्रेन छूट गई तो कोई ऑफिस के लिए लेट हो गया।
वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बग्घानाला के पास बने रेलवे ब्रिज के मरम्मत कार्य की वजह से मुख्य मार्ग पर हाईटगेज बैरियर लगा दिया गया है। इस वजह से बड़े वाहनों को चोपन से ओबरा होते हुए बाड़ी खनन मार्ग से और रेणुकूट की तरफ से आने वाले वाहनों को डाला से ओबरा होते हुए चोपन की तरफ डायवर्जन किया गया है। बुधवार की रात में करीब आठ बजे डाला ओबरा मार्ग पर कोटा टोला में बीच रास्ते पर दो ट्रकों का कमानी टूट जाने की वजह से डायवर्जन मार्ग पर जाम लग गया। डाला चढ़ाई से लेकर ओबरा-चोपन मुख्य मार्ग पर पूरी तरह से जाम लग गया। जाम की वजह से बुधवार को पूरी रात व बृहस्पतिवार की सुबह तक गाड़ी धीरे-धीरे निकलती रही। जाम लगने की वजह से बस यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं रात में जाम की सूचना पर पहुंची डाला पुलिस ने क्रेन की सहायता से रात लगभग तीन बजे किसी तरह ट्रकों को हटवा कर मार्ग को बहाल कराया। बावजूद इसके सुबह तक जाम की स्थिति बनी रहीं। यहां तक कि जाम से बचने के लिए कुछ बस डाला बाड़ी गांव से सोन नदी के किनारे होते हुए चोपन की तरफ से निकलती नजर आई। करीब 12 घंटे बाद जाम खुलने से लोगों को राहत मिली।