उत्तर प्रदेश में फर्रूखाबाद के शमसाबाद में हैवान बेटे ने मां के सिर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। मृतका के दूसरे बेटे का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
पुलिस के अनुसार, शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव बरई निवासी जयराखन राजपूत की विधवा विद्यावती (65) बुधवार रात अपने सबसे छोटे बेटे वीरेंद्र के मकान में आंगन में सो रही थी।
गुरुवार सुबह 4.30 बजे उसका तीसरा बेटा दयासरन अपने कमरे से वीरेंद्र के आंगन में आ गया। खटपट की आवाज सुन विद्यावती के पास लेटी वीरेंद्र की बेटी रंगोली जाग गई। दयासरन को देख वह चिल्लाने लगी।
दयासरन ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग कर छत पर सो रहे पिता वीरेंद्र के पास जा पहुंची। इस बीच दयासरन ने मां विद्यावती के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
मौके पर पहुंचे वीरेंद्र ने मां को लहुलूहान देख शोर मचाया। इस पर उसके अन्य भाई रामनिवास के अलावा काफी लोग जुट गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामनिवास ने दयासरन के खिलाफ मां की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वीरेंद्र ने बताया कि एक साल से दयासरन की दिमागी हालत सही नहीं है। पूजापाठ और सुबह से शाम तक डमरू बजाता है।