सीतापुर। शहर स्थित एक पूर्व सांसद के आवास पर युवक ने शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा किया। आरोपी युवक जिला पंचायत सदस्य का प्रतिनिधि बताया जा रहा है। पुलिस ने हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर में बस अड्डे के पास ही पूर्व सांसद राजेश वर्मा का आवास है। वहां के एक कर्मचारी कमलेश ने बताया कि शुक्रवार देर रात सुमित शुक्ला एक कार से आए। फिर उन्होंने वहां गाली-गलौज शुरू कर दी।
बताया कि वह नशे की हालत में थे। कर्मचारी ने बताया कि सुमित ने उसके सीने पर असलहा सटा दिया।आरोपी ने पूर्व सांसद के लिए भी जमकर अपशब्द कहे। हालांकि पुलिस के मुताबिक पूर्व सांसद उस समय आवास पर नहीं थे।
विवाद की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। शहर कोतवाल अनूप शुक्ल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।