पिसावां/सीतापुर। इलाके में 15 दिन से अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों का सब्र टूटने लगा है। पूरे दिन और पूरी रात बिजली गायब रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलना मुश्किल हो रहा है। कस्बे से लेकर गांवों तक एक ही जैसा माहौल बना हुआ है। इससे परेशान होकर युवाओं ने उपकेंद्र का घेराव करके हंगामा किया। पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों ने जल्द सप्लाई सही कराने का आश्वासन देकर उनको शांत कराया।
अघोषित कटौती के कारण घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। उपकेंद्र पिसावां में पिछले एक माह से अघोषित बिजली का सिलसिला जारी है। इससे पावर कॉर्पोरेशन के उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को युवाओं के सब्र का बांध टूट गया और दोपहर को तमाम युवाओं ने बिजली उपकेन्द्र पहुंचकर करीब एक घंटे तक उपकेंद्र बंद रखा और जमकर हंगामा करते हुए जेई व एसडीओ के आने की मांग करते रहे। वह लोग स्वयं न पहुंचकर टीजीटू मुकेश वर्मा को भेजा।
इस दौरान सूचना पाकर एसएसआई राजपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। वार्ता के दौरान पिसावां फीडर पर बढ़ाए गए 15 गांवों को कम करने व अघोषित कटौती पर अंकुश लगाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगे से अघोषित कटौती बंद नहीं हुई तो हम लोगों को उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ेगा। इस दौरान अवर अभियंता लक्ष्मी नारायण ने बताया बिजली कम मिल रही है। जब तक हमें मुख्य लाइन से बिजली नहीं मिलेगी तब तक ऐसी हालात बने रहेंगे।