फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नदियों का घटा जलस्तर, बंधे की मरम्मत तेज

विज्ञापन
विज्ञापन
तंबौर/रेउसा/सीतापुर (सीतापुर)। तराई इलाके में उफनाई शारदा व सरयू नदी के जलस्तर में शुक्रवार को कुछ कमी आई है। इससे लोगों के घरों के अंदर भरा पानी कम हुआ है। वहीं संपर्क मार्ग अभी भी पानी से घिरे हुए हैं। तंबौर इलाके में जलस्तर कम होने से बंधे की मरम्मत तेज कर दी गई है। लोग नावों के जरिये आवागमन कर रहे हैं।
विज्ञापन

तंबौर इलाके में लगातार चार दिनों से बाढ़ के पानी से घिरे ग्रामवासियों ने शारदा नदी का जलस्तर घटने से राहत महसूस की है। धीरे-धीरे गांवों में भी पानी घट रहा है। बाढ़ से प्रभावित गांव बरक्षता, बरेला, बोधवा, बड़रिया, हनुमान सिंह पुरवा, लीलापुरवा, रजनापुर, रोहिया शिवपुर समेत नदी के बीचोबीच बसे मीतमऊ, परेवा, नकहा में लोगों की जिंदगी पटरी पर वापस लौट रही है।
तंबौर से सुजावलपुर जाने वाली सड़क पर छतांगुर भट्ठे के पास पक्की सड़क पर पानी बह रहा है। इससे क्योटना, बड़रिया, बोधवा, नन्हूई, शिवपुर, रजनापुर, सुजावलपुर, खैरी पट्टी, बरेला व चटेला आदि 15 गांवों के लोगों को कई किलोमीटर चक्कर काटकर जाना पड़ रहा है। पानी कम होने के साथ ही कोल्हुआपुरवा के पास कटे बंधे की मरम्मत तेजी से शुरू कर दी गई है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
विज्ञापन

वहीं बिसवां तहसील की म्योढ़ी छोलहा व गोलोक कोडर ग्राम पंचायत के मजरों में भी जलस्तर घटने लगा है। घरों से पानी कम जरूर हो रहा है लेकिन संपर्क मार्ग पानी में डूबे हुए नजर आ रहे हैं।
जंगल टपरी, बसंतापुर के खाले रोड़ पर, आशारामपुरवा, संबरी पुरवा, रामलालपुरवा, निर्मलपुरवा, पासिनपुरवा, परमेश्वरपुरवा व दुर्गापुरवा के रास्तों पर पानी भरा हुआ है। तहसील प्रशासन व समाजसेवी संगठन पीड़ितों को राहत सामग्री बांट रहे हैं।
बिसवां तहसील प्रशासन भले ही 40 नावें लगी होने की बात कह रहा हो लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। हालात ये हैं कि लोग अपनी नावों से सफर कर रहे हैं। अगर सरकारी नाव से जाते हैं तो उनसे पांच से लेकर 10 रुपये तक की वसूली हो रही है।
राजापुरकलां निवासी हाफीजा, जनार्दन, सुफियान, लालपुर के लक्ष्मन, नीलम, रामीपुर के रामकली, दुलारी आदि लोग राजापुरकलां डेलिया में नाव से उतरकर बोले कि नाव वाले ने 10 रुपये की वसूली की है।
बिसवां के तहसीलदार अभिचल प्रताप सिंह ने बताया कि बैराजों से पानी कम हो रहा है। पीड़ितों को राशन किट व लंच पैकेट दिए जा रहे हैं। नावों से वसूली की शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जरूर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें