सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार से जनपद के पांच केंद्रों पर होगा। उत्तरपुस्तिकाएं जिले में पहुंच चुकी है। सुबह नौ बजे मीटिंग के बाद इनका मूल्यांकन शुरू हो जाएगा।
13 अप्रैल को यूपी बोर्ड परीक्षा समाप्त हो गई थी। उसके बाद मूल्यांकन को लेकर तैयारियां चल रही थी। अब शनिवार से मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। जनपद में पांच परीक्षा केंद्र तय किए गए है। जिनमें राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सीतापुर, एचकेपी इंटर कॉलेज, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज व आरएमपी इंटर कॉलेज शामिल है।
इस बार मूल्यांकन भी सीसीटीवी की नजर में रहेगा। प्रत्येक केंद्र पर कंट्रोल रूम के जरिए हो रहे मूल्यांकन की हकीकत परखी जाएगी। डीआईओएस देवी सहाय तिवारी ने बताया परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
शनिवार सुबह प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक मीटिंग करेंगे। जिसके जरिए शिक्षकों को मूल्यांकन के तौर तरीके सिखाए जाएंगे। उसके बाद मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। 10 दिन में मूल्यांकन कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।