रेउसा इलाके में खुरवलिया चौराहे के पास डंफर की पहिए के नीचे फंसी बाइक। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
रेउसा (सीतापुर)। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही महिला को एक तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पति और उसका पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रेउसा इलाके के कंडी मजरा बजहा गांव निवासी जाबिर अली (40) अपनी पत्नी जमीला (35), पौत्र हाफिज (5) के साथ बुधवार को बाइक से खुरवलिया गांव अपने साढ़ू के घर मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तीनों लोग रेउसा इलाके में खुरवलिया चौराहे पर पहुंचे थे, इस बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला ट्रक के पहिये के नीचे आ गई, इससे उसकी मौके पर ही कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। घायल पति और पौत्र को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर दोनों का इलाज जारी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। एसओ रेउसा बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि चालक और डंपर को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।