जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बच्चे। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले में वायरल बुखार व मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुखार से एक बच्चे व एक युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में दो बच्चे तेज बुखार के कारण भर्ती किए गए है, जिसमें एक बच्चा मलेरिया से संक्रमित हुआ है।
जिले में वायरल बुखार तेजी से पांव पसार रहा है। इमलिया सुल्तानपुर इलाके की अनुष्का (8) को तेज बुखार के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान गुरुवार को अनुष्का की मौत हो गई है। परिजनों ने बताया कि कई दिनों से बुखार के बाद दवाओं से कोई फायदा नहीं हो रहा था।
इसके अलावा पिसावां इलाके के बरगांवा निवासी आस्था पांडेय (5) को बुखार आने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल में जांच के दौरान मलेरिया की पुष्टि हुई है। इस पर चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया है। आस्था के बेड पर मच्छरदानी लगवा दी गई है।
थानगांव के समलिया निवासी प्रियांशी (7) को चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया है। चिल्ड्रेन वार्ड में 23 बच्चे इस समय भर्ती है। जिनका इलाज चल रहा है। लहरपुर इलाके के ग्राम अल्हना निवासी रिंकू (35) को तेज बुखार के चलते सीएचसी लहरपुर में भर्ती कराया गया था।
जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। परिजनों ने बताया कि जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में रिंकू की मौत हो गई है।
ओपीडी में बढ़े मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज बढ़ गए हैं। बच्चे भी बुखार की चपेट में आ रहे है। इन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
- डॉ. अनिल अग्रवाल, सीएमएस