कमलापुर कस्बे में नहर चौराहे के पास क्षतिग्रस्त खड़ा टेम्पो। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। लखनऊ की ओर से आ रहे बेकाबू ट्रक ने सवारियों को लेकर जा रहे टेंपो और बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार एक महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक समेत दो लोगों की अस्पताल में मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आकर चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कमलापुर इलाके में सोमवार को कस्बे में नहर चौराहे के करीब जिला मुख्यालय की ओर से आ रहे टेंपो में लखनऊ की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टेंपो में टक्कर मारने के बाद बेकाबू हुए ट्रक ने सड़क किनारे बाइक पर खड़े लोगों और सड़क किनारे खड़े लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात लोग घायल हो गए।
हादसे में खैराबाद के भगौतीपुर निवासी अशोक, खैराबाद के घासीपुर निवासी रामऔतार, कमलापुर के पताराकला निवासी मनोज कुमार, कमलापुर के मीना सरौरा कला निवासी बकरीदा (52) पत्नी इंसान अली, भानपुर निवासी शांति, रोहिणी घायल हो गई। घायलों को आनन-फानन कसमंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से बकरीदा, रामऔतार (42) की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
जिला अस्पताल ले जाते समय बकरीदा की रास्ते में ही मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि रामऔतार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर देर शाम इलाज के दौरान रामऔतार की भी मौत हो गई। हादसे में घायल अशोक (38) की भी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
हादसे में टेंपो और बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।