सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से भगाने और तीन तलाक देने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पति समेत पांच लोग नामजद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला तरीनपुर निवासी शबाना बेगम पत्नी नईमउल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 5 फरवरी 2016 को हुआ था। आरोप लगाया कि निकाह के बाद से ससुराल वालों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पिटाई की जाने लगी। विवाहिता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर दवा खिलाकर गर्भपात कराने का भी प्रयास किया गया।
बताया, उसका पति मेरठ में काम करता है। चार माह पूर्व दहेज की मांग पर ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से भगा दिया। जिसके बाद वह मायके आ गई। शबाना के मुताबिक 7 दिसंबर को पति ने रजिस्ट्री से उसके पास तीन तलाक की नोटिस भेजी। उसके बाद 13 दिसंबर को उसका पति घर आया। आरोप लगाया कि बच्चा छीनने का प्रयास किया, विरोध पर तीन तलाक दे दिया है।
शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि तरीनपुर निवासी पति नईमउल्ला, सास तैयबा खां, देवर अरमान खां, ननद निदा खां, नफीसउल्ला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करना, तीन तलाक का मामला दर्ज हुआ है, जबकि अन्य ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। जांचकर कार्रवाई की जा रही है।