संदना थानाक्षेत्र में सोमवार को अवैध रूप से कटान करते समय एक नीम का पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया जिससे बिजली का पोल तार समेत गिर गया। इससे वहां पर खेल रहे एक बच्चे की खंभे की नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद कटान कर रहे लोग मौके से निकल भागे।
वन विभाग के अफसरों का कहना है कि कटान का कोई परमिट जारी नहीं हुआ था जबकि पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों ने भी अवैध कटान कर रहे लोगों पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
थानाक्षेत्र के रामनगर निवासी परमेश्वर का पुत्र अंकित(7) सोमवार को घर के करीब ही खेल रहा था। बताते हैं कि करीब ही गांव के निवासी उमाकांत के घर लगे नीम के पेड़ का कुछ लोग कटान कर रहे थे। अचानक भारी भरकम पेड़ कटकर करीब की बिजली लाइन पर गिर गया।
इससे बिजली का खंभा तार समेत गिर गया, वहीं करीब खेल रहा अंकित खंभे के नीचे दब गया। हादसे को देख गांव के लोगों ने आनन फानन तार काटकर खंभा हटाया और बालक को बाहर निकाला। तब तक 20 मिनट का वक्त गुजर चुका था। बालक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के सदस्यों ने बालक को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने बालक की नाजुक हालत को देखते हुए, उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बालक की हालत चिंताजनक बताते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में बालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर हादसे के बाद अवैध रूप से पेड़ का कटान कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। परिवार ने पेड़ के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि पेड़ काटने से पहले कोई सूचना नहीं दी गई जिसके चलते बड़ा हादसा हो गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नीम के पेड़ को काटने के लिए उन्होंने कोई परमिट नहीं जारी किया, यह कटान अवैध रूप से हो रही थी। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप शुक्ला का कहना है कि परिवार ने इस संबंध में कोई तहरीर थाने पर नहीं दी है। परिवार जैसे ही तहरीर देगा, रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।