सीतापुर। मछरेहटा की ग्राम पंचायत राठौरपुर में हर घर नल से जल पहुंचना फिलहाल दूर की कौड़ी है। यहां ओवरहेड टैंक का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन पाइप लाइन बिछाने का काम अधूरा पड़ा है। दो साल से करीब पांच हजार आबादी नल से स्वच्छ जल मिलने का इंतजार कर रही है। गर्मी के सीजन में पानी की जरूरत बढ़ने लगी है। इसके बाद भी जलापूर्ति शुरू कराने की कवायद करते अफसर नजर नहीं आ रहे हैं।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से स्वच्छ जल पहुंचाने का काम सरकार की ओर से कराया जा रहा है। इसके लिए गांव-गांव ओवरहेड टैंक का निर्माण कराते हुए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। मछरेहटा ब्लॉक के राठौरपुर में भी इस योजना के तहत दो साल पहले काम शुरू कराया गया था। यहां लगे कार्य योजना के बोर्ड पर अंकित ब्यौरे के मुताबिक 252.56 करोड़ रुपये की लागत का यह प्रोजेक्ट है।
यहां ओवरहेड टैंक तो बना दिया गया लेकिन पाइप लाइन बिछाने का काम अधूरा है। कुछ घरों में पाइप लाइन पहुंचा दी गई है जबकि ज्यादातर घरों में अभी तक पाइप लाइन नहीं पहुंची है, जहां पर ओवरहेड टैंक बना है, वहां कोई पंप ऑपरेटर नहीं रहता है। हमेशा ताला लगा रहता है। देखरेख के अभाव में परिसर में बड़ी-बड़ी घास फूस उगी हुई है। इस गर्मी के सीजन में घरों तक पाइप लाइन से पानी आने की उम्मीद संजोए ग्रामीणों में अब मायूसी छाने लगी है। राठौरपुर के ग्रामीण सोनू, राहुल, रवि पटेल, शानू, विवेक शुक्ला, दीपक शुक्ला आदि ने पाइप लाइन बिछाकर घरों में जल्द ही जल आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग की है।
छह महीने पहले सड़क खोदकर छोड़ दी
मछरेहटा के राठौरपुर में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू तो किया गया लेकिन पूरा नहीं किया जा सका है। पाइप लाइन बिछाने के लिए नरेंद्र के मकान के पास छह माह पहले सड़क खोदी गई थी। आज तक सड़क दुरुस्त नहीं कराई गई है, जिसके कारण नालियां भी ध्वस्त हो गई हैं। नालियों व आसपास के घरों का पानी सड़क पर भर रहा है। मनोज ने बताया कि अधिकांश जगहों पर सड़कों का यही हाल है। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
जून तक शुरू होगी जलापूर्ति
मछरेहटा के राठौरपुर में 30 जून तक ओवरहेड टैंक से पेयजल की आपूर्ति संपूर्ण ग्राम पंचायत में शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा जहां भी सड़क खोदकर डाली गई है ठेकेदार से कहकर दुरुस्त करवाया जाएगा।
- सौरभ यादव, अवर अभियंता, जल निगम