कोविड वैक्सीन लगाती महिला स्वास्थ्य कर्मी। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले में करीब तीन लाख विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर पहले कोविड की वैक्सीन लगाई जाएगी। ये विद्यार्थी फरवरी व मार्च माह में होने वाली बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। उसके बाद अन्य किशोरों को वैक्सीन लगवाई जाएगी। इसकी पूरी तस्वीर 30 दिसंबर को शासन की बैठक के बाद ही साफ होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर को किशोरों का कोविड टीकाकरण करने का एलान किया था। 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। इस एलान के बाद जिले का स्वास्थ्य महकमा अपनी तैयारियों में जुट गया है। अभी इसके बारे में कोई स्पष्ट गाइड लाइन विभाग को नहीं मिल सकी है फिर भी विभाग तीन जनवरी से शुरू हो रहे अभियान को सफल बनाने में जुटा हुआ है। चिकित्सकों ने फरवरी माह में तीसरी लहर की आशंका जताई है।
बोर्ड परीक्षा फरवरी व मार्च माह में प्रस्तावित है। इस परीक्षा में किशोर ही शामिल होंगे। इस खतरे को देखते हुए विभाग पहले विद्यार्थियों का कोविड टीकाकरण करेगा। अगर जिले में विद्यार्थियों की बात की जाए तो करीब दो लाख विद्यार्थी इस आयु वर्ग के माध्यमिक शिक्षा विभाग में अध्ययनरत हैं। जबकि करीब एक लाख विद्यार्थी उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों को कोविड की पहले डोज लगाई जाएगी। इसके लिए कॉलेजों का भी सहयोग लिया जाएगा।
जल्द तय होगा कार्यक्रम
टीकाकरण को लेकर तैयारियां चल रही हैं। 30 दिसंबर को बैठक होगी। इसके बाद ही टीकाकरण का कार्यक्रम तय हो सकेगा।
- डॉ. पीके सिंह, एसीएमओ