सीतापुर। भीषण गर्मी में फॉल्ट से रविवार को शहर से लेकर गांवों तक लोग बेहाल रहे। शहर में चार घंटे व गांवों में आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों के इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बनकर रह गए। फॉल्ट की मरम्मत में देरी ने लोगों में नाराजगी है।
शहर के भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े 15 मोहल्लों में रविवार को तीन घंटे की लंबी कटौती हुई। नवीन चौक के पास फॉल्ट आ गया। दोपहर के समय घरों में बिजली न होने से लोग बेहद परेशान रहे। घरों में पानी का भी संकट खड़ा हो गया। दोपहर के समय नगर पालिका की पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। इसी तरह पुराने सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े कजियारा, कोट, मुंशीगंज, पूर्णागिरी नगर में कई जगह तार टूटने व जंफर उड़ने के चलते चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। शाम चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
नई बस्ती, गदियाना, आदर्श नगर व नैपालापुर में भी फॉल्ट से कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
पिसावां, रेउसा, तंबौर, महमूदाबाद, सिधौली आदि इलाकों में कई जगह ट्रांसफार्मर खराब होने व तार टूटने से करीब 300 गांवों में बिजली चली गई। करीब आठ घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। ग्रामीण महेश व राकेश ने बताया कि इस समय 24 घंटे में मुश्किल से 12 से 14 घंटे की आपूर्ति हो रही है। रोस्टर तय नहीं होने से बिजली आने-जाने का कोई समय नहीं है। कम आपूर्ति मिलने से तमाम समस्याएं आ रही हैं।
मुख्य अभियंता के शिकायत पर भी बहाल नहीं हुई बिजली
भवानीपुर ग्रामीण उपकेंद्र के तहत खपूरा जाने वाले मार्ग पर शिवनगर कॉलोनी है। चार दिन पहले आई आंधी व बारिश से यहां पर एक पोल टूटकर गिर गया था। इसके बाद से घरों की बिजली आपूर्ति बाधित है। यहां के उपभोक्ता आशीष पांडेय, देवेंद्र आदि ने बताया कि इसकी शिकायत मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई से कई बार की। मुख्य अभियंता ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भी खंभा बदला नहीं जा सका। चार दिन से बिजली न आने से घरों में पानी का संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी में राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं, अवर अभियंता राशिद का कहना है कि ठेकेदार नहीं आ रहा है। इसी वजह से खंभा पहुंचना मुश्किल हो रहा है।