पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में गोमती नदी में स्नान करने गए एक अधेड़ की डूबकर मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई होगी।
पिसावां इलाके के मैनिया निवासी रामगोपाल (50) मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ खेत पर गया था। पत्नी को खेत पर छोड़कर वह गोमती नदी में स्नान करने चला गया, जहां पर स्नान के दौरान वह नदी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। काफी देर तक अधेड़ के वापस नहीं आने पर पत्नी तलाशते हुए तालाब की ओर गईं, जहां पर पति का शव तालाब में उतराता देखा।
इसकी सूचना पाकर परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास कर शव को बाहर निकाला गया। एसओ पिसावां कुंवर बहादुर सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। (संवाद)