झरेखापुर (सीतापुर)। कोतवाली देहात इलाके में बाइक से सवार दंपती सांड़ से टकरा गए। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सूचना पुलिस को दी गई है।
कोतवाली देहात इलाके के गांव उल्जापुर निवासी कर्मवीर सिंह उर्फ पीयूष (25) गुरुवार को पत्नी प्रियंका सिंह के साथ बाइक से जिला मुख्यालय से घर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में कोतवाली देहात क्षेत्र के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर गुजरा पेट्रोल पंप के निकट अचानक सड़क पर सांड़ आ गया। सांड़ से टकराकर बाइक सड़क पर पलट गई।
हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में दंपती को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही कर्मवीर की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है।