सीतापुर। जिले में नगर निकायों को 15वें वित्त आयोग की टाइड अनटाइड ग्रांट की किस्त जारी हुई है। इसके तहत 31.14 करोड़ रुपये मिले हैं। अपर जिला मजिस्ट्रेट व प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में 7 जनवरी को 15वें वित्त आयोग (टाइड व अनटाइड ग्रांट) की प्रथम व द्वितीय किस्त की कार्ययोजना की बैठक हुई थी। बताया कि इस मद में जिले को 31.14 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है।
इसके तहत निकायों में वेस्ट वाटर मैनेजमेंट व रिसाइक्लिंग के काम होंगे। नालों के प्रवाह को सही करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये मिले हैं। पेयजल की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 1.68 करोड़ रुपये, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संसाधनों के लिए 2.96 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति मिली है।
इसके अतिरिक्त करीब 12 करोड़ रुपयों की लागत से सड़क निर्माण व जलभराव की समस्या को दूर किया जाएगा। करीब नौ करोड़ से नाली का निर्माण, करीब दो करोड़ से पार्कों का सौंदर्यीकरण व 1.39 करोड़ से प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।