संदना (सीतापुर)। गोंदलामऊ सीएचसी में मेडिकल के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए चोरी के आरोपी को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे दोबारा मेडिकल के लिए भेजा गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में सिपाही के खिलाफ भी केस दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया है।
संदना इलाके के गढ़वे गांव निवासी मदुरी चोरी के आरोप में पकड़े जाने के बाद पुलिस द्वारा सोमवार को गोंदलामऊ सीएचसी में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया था, जहां मदुरी पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग निकला था। आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से भागने के बाद हड़कंप मच गया था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई थीं। एसपी आरपी सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी साउथ एनपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमों का गठन किया। इसके बाद पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं।
देर रात पुलिस ने आरोपी को संदना इलाके के खानपुर कुचलाई गांव के पास गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में एसएसआई अनिल तिवारी, आरक्षी विनीत कुमार, सोहन, जाहिद अली व सौरभ यादव शामिल रहे।
सुरक्षा से भागने के मामले में भी केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का दोबारा से मेडिकल कराने के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। वहीं, एसपी आरपी सिंह ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले आरक्षी रामसेवक को देर रात सस्पेंड कर दिया है।