खैराबाद में टोल प्लाजा पर क्षतिग्रस्त खड़ा टेम्पो। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
खैराबाद (सीतापुर)। हाईवे पर सोमवार को ट्रक से टकराकर टेंपो पलट गई। हादसे में टेंपो में सवार 11 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच की हालत नाजुक है। एक को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को जिला मुख्यालय से सवारियों को लेकर टेंपो कमलापुर जा रहा था। टेंपो के आगे ट्रक चल रहा था। बताया जाता है कि खैराबाद इलाके में हाईवे पर टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर अचानक आगे चल रहा ट्रक के चालक ने वाहन मोड़ दिया। पीछे से चल रहा टेंपो ट्रक से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में टेंपो पर सवार मछरेहटा के भटेलिया निवासी गंगाराम, हरद्वारी, सरांय खैैैराबाद के सुनील गोविंदा, मास्टरबाग के संजय, मानपुर के गणेशपुर निवासी नीरज, कमलापुर के राजपुर निवासी रामलोटन, खैराबाद के बनगांव की अनीता, हरिहर नेरपुर की कुसमा देवी, बनका जलालपुर के रणधीर सिंह समेत 11 लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पाकर खैराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। घायलों को टेंपो से बाहर निकाला गया। इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। टेंपो में चालक समेत 14 लोग थे। गंभीर रूप से घायल संजय को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
एसओ अरविंद सिंह का कहना है कि टेंपो सवारी लेकर कमलापुर जा रहा था। आगे चल रहे ट्रक के मुड़ने से उसमें टकराकर टेंपो पलट गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद से टेंपो का चालक भाग गया है। मामले में जांचकर कार्रवाई होगी।