लालबाग बाजार में राखी देेखती युवती। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। रक्षाबंधन की धूम मचनी शुरू हो गई है। राखियों का बाजार पूरी तरह से सज धजकर तैयार हो गया है। इस बार कई नई किस्म की राखियां लोगों को खूब लुभा रही है। स्टोन, टैडी व रूद्रक्ष राखी लोगों की पहली पसंद बन रही है। व्यापारी भी खरीदारी होने से खुश हैं। वह पिछले बरस कोरोना के चलते अधिक बिक्री नहीं कर सके थे।
रक्षाबंधन 22 अगस्त को मनाया जाएगा, बहनें अपनी तैयारियों में जुट गई है। राखी का बाजार नई किस्म की राखियों से पट गया है। बाजार में इस बार स्टोन राखी आई है। इसकी कीमत 80 से 200 रूपये के बीच है। बहनें इन राखियों को अधिक पसंद करती हैं, इसमें कई रंगों की राखी होने से यह खूबसूरत भी लग रही है। चंदन राखी भी लोगों को आकर्षित कर रही है।
रूद्राक्ष राखी भी पसंद बन रही है। इसकी कीमत करीब दो सौ रुपए है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए कई प्रकार की टैडी राखी आई है। जिसमें मोटू पतलू, डोरेमान, छोटा भीम व अन्य कॉर्टून कैरेक्टर की राखियां शामिल हैं। व्यापारियों के मुताबिक बहनें नई राखी लेने के साथ ही टैडी राखी जरूर ले रही है। बच्चे इन राखियों को खरीदने की जिद कर देते है।
इस बार बढ़ी है बिक्री
दुकानदारों का कहना है कि कोरोना का संक्रमण कम होने के चलते इस बार बिक्री बढ़ी है। दुकानदार गोपी ने बताया कि पिछले बरस कोरोना के कारण राखियों की बिक्री बहुत ही कम हुई थी। इस बार उम्मीद के मुताबिक बिक्री शुरू हो गई है। दिनेश शाह ने बताया कि इस बार बहनें आ रही हैं तो नई राखी मांगती है। पिछले बरस कई आइटम आए थे।
वह नई राखी देखकर ही उसे खरीद लेती है। दयाशंकर ने बताया कि अभी रक्षाबंधन में तीन दिन बाकी हैं। लेकिन अभी से बिक्री शुरू हो गई है। इस बार राखी के त्यौहार में जमकर बिक्री होगी। प्रमोद ने बताया कि इस बार बाजार में चाइनीज राखियां नहीं है। अधिकतर भारत में ही निर्मित राखियां मौजूद है।