सीतापुर। मिशन शक्ति फेज-तीन के शुभारंभ पर सीएम कन्या सुमंगला योजना के तहत नवीन बालिकाओं का चयन करने के तय लक्ष्य की पूर्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सीमित समय में लक्ष्य से एक हजार अधिक बालिकाओं को लाभान्वित किए जाने पर शासन ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार तिवारी को प्रशस्ति-पत्र देकर उनके कार्यों को सराहा है।
सीएम कन्या सुमंगला योजना के तहत प्राप्त 61851 आवेदनों के सापेक्ष जिले सें 37707 आवेदनों को निदेशालय भेजा गया। 32721 आवेदनों पर भुगतान के लिए 5.75 करोड़ के बिल जनरेट किए गए जबकि 5.17 करोड़ का भुगतान किया गया है। इस प्रगति से प्रदेश में योजना के तहत लक्ष्य पूर्ति में जिले ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। पहले स्थान पर आगरा जिला रहा।
सीएम ने 21 अगस्त का मिशन शक्ति फेज-तीन का शुभारंभ किया था। इसके तहत प्रदेश में दो लाख नवीन बालिकाओं का चयन कर लाभान्वित करने का लक्ष्य तय किया गया था। सीतापुर को 4500 बालिकाओं का चयन करने का लक्ष्य था।
इसके सापेक्ष जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार तिवारी ने 55 सौ बालिकाओं के आवेदन पत्र की स्वीकृति प्रदान की। यह कार्रवाई सीमित समय में की गई। शासन की महत्वपूर्ण योजना के संचालन में समर्पित प्रयास करने पर प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास ने डीपीओ को प्रशस्ति पत्र भी भेजा है।