महमूदाबाद (सीतापुर)। कमलेश तिवारी के महमूदाबाद के राम जानकी मंदिर स्थित आवास पर रविवार को एक दारोगा व चार आरक्षियों सहित सशस्त्र गारद तैनात कर दी गई है। कई थानों की फोर्स भी अभी तैनात है। पुलिस बराबर गश्त कर रही है। जिले के आला अफसर प्रकरण को लेकर निगाह बनाए हुए हैं। कस्बे में शांति है। बाजार भी खुला रहा।
महमूदाबाद नगर के नई बाजार उत्तरी वार्ड स्थित रामजानकी मंदिर में रहने वाले हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या के बाद उनके शव को रखकर मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग की जा रही थी। परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। कई अन्य मांगे भी रखी थीं।
इस बीच स्थानीय अधिकारियों के अलावा जिले के आला अधिकारी व समाजसेवी भी परिवार व कमलेश तिवारी के संगठन के पदाधिकारियों से लगातार वार्ता करते रहे थे, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला था। शनिवार दोपहर आईजी जोन व मंडलायुक्त ने वार्ता की। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिये तैयार हुए थे।
अधिकारियों के आश्वासन के अनुसार रविवार सुबह परिजनों को सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करा दी गई। एहतियात के तौर पर कस्बे में भी पुलिस लगी है। कस्बे में अभी सिधौली, पिसावां, सदरपुर, कमलापुर, रेउसा व मछरेहटा थाने की पुलिस लगातार गश्त कर रही है।