लहरपुर/सीतापुर। लहरपुर क्षेत्र में बहु प्रतीक्षित रोडवेज बस स्टॉप बनाने की मांग साकार होती नजर आ रही है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रबंध निदेशक को प्राथमिकता के आधार पर रोडवेज बस स्टॉप बनाने के निर्देश दिए है। इससे लहरपुरवासियों ने खुशी जाहिर की है।
ब्राह्मण चेतना परिषद के लखनऊ मंडल प्रभारी सुधाकर प्रसाद मिश्र ने राज्यमंत्री को पत्र देकर रोडवेज बस स्टॉप निर्माण की मांग की है। जिसके जरिये कहा कि लहरपुर तहसील मुख्यालय है। यहां से विभिन्न मार्गों पर प्राइवेट बसें संचालित की जाती हैं। कुछ मार्गों पर रोडवेज बसें संचालित होती हैं। बस स्टॉप और यात्री प्रतीक्षालय न होने के कारण लोगों को रोडवेज बसों की समय सारणी का पता नहीं चल पाता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर राज्यमंत्री ने प्रबंध निदेशक परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि जनहित में लहरपुर में रोडवेज बस स्टॉप बनाने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू करें। जिला अधिकारी से प्रस्ताव मंगाए और संलग्न खतौनी के आधार पर रोडवेज बस स्टेशन बनवाने की कवायद प्रारंभ करें। परिवहन मंत्री के रोडवेज बस स्टेशन बनाए जाने के स्पष्ट आदेश के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।